उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद जगदीप धनखड़ कहां गायब थे? अब हुआ बड़ा खुलासा
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद उनकी सार्वजनिक मौजूदगी को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही थीं। विपक्षी सांसद लगातार सवाल उठा रहे थे कि धनखड़ आखिर कहां हैं और उनकी कोई खबर क्यों नहीं मिल रही। अब यह स्पष्ट हो गया है कि धनखड़ फिलहाल उपराष्ट्रपति आवास, वाइस प्रेसिडेंट एन्क्लेव, में ही रह रहे हैं।
जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया, हालांकि सूत्रों का कहना है कि इस्तीफे के पीछे अन्य वजहें भी हो सकती हैं। इस्तीफे के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि वे जल्द ही लुटियंस जोन स्थित टाइप-8 बंगले में शिफ्ट हो सकते हैं, जिसकी तैयारियां भी शुरू हो गई थीं। लेकिन अब तक वे वहीं रह रहे हैं जहाँ पहले थे।
राज्यसभा सचिवालय ने 6 अगस्त को कौस्तुभ सुधाकर भालेकर को, जो धनखड़ के वरिष्ठ निजी सचिव थे, पूर्व उपराष्ट्रपति का निजी सचिव नियुक्त किया है। धनखड़ पिछले साल अप्रैल में चर्च रोड स्थित वाइस प्रेसिडेंट एन्क्लेव में शिफ्ट हुए थे, जिसे सेंट्रल विस्टा रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत बनाया गया है।
टाइप-8 बंगला सुप्रीम कोर्ट के जजों, वरिष्ठ मंत्रियों और राष्ट्रीय दलों के प्रमुखों को आवंटित किया जाता है। इसका क्षेत्रफल लगभग आठ से साढ़े आठ हजार वर्ग फीट तक होता है। धनखड़ इस श्रेणी के बंगले के हकदार हैं, लेकिन अब तक वे उपराष्ट्रपति आवास से शिफ्ट नहीं हुए हैं।






