मुंबई में कुशीनगर एक्सप्रेस के एसी कोच से बरामद 5 साल के बच्चे का शव, पारिवारिक विवाद में हत्या की आशंका
मुंबई:
लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT), मुंबई से शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कुशीनगर एक्सप्रेस (22537) के एसी कोच के टॉयलेट में 5 साल के मासूम का शव मिलने से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सफाई कर्मचारियों ने ट्रेन के बाथरूम के डस्टबिन में शव देखा और तुरंत इसकी जानकारी रेलवे प्रशासन को दी।
सफाई के दौरान हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 23 अगस्त की रात करीब 1:05 बजे सामने आई जब ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 4 पर पहुंची। नियमित सफाई के दौरान प्रभारी कर्मचारी को टॉयलेट के कूड़ेदान में मासूम का शव नजर आया। इस भयावह खोज के बाद रेलवे और जीआरपी (Government Railway Police) के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

सूरत से अपहरण की गुत्थी जुड़ी
पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चे की मां ने एक दिन पहले ही गुजरात के सूरत जिले के अमरोली थाने में अपने ही चचेरे भाई विकाश शाह (उम्र 25 वर्ष) पर अपहरण का मामला दर्ज कराया था। शिकायत दर्ज होने के बाद से ही पुलिस बच्चे की तलाश में जुटी थी। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि शव बरामद होने के पीछे पारिवारिक विवाद की गहरी कड़ी हो सकती है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
पारिवारिक विवाद में हत्या की आशंका
रेलवे कमिश्नर राकेश काला सागर ने बताया कि इस बच्चे की मिसिंग शिकायत सूरत पुलिस के पास दर्ज थी। शुरुआती जांच से संकेत मिले हैं कि पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने बच्चे का अपहरण और फिर हत्या की योजना बनाई। मामले में रेलवे और जीआरपी टीमें लगातार साक्ष्य जुटा रही हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जांच जारी
इस सनसनीखेज वारदात ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को दहला दिया है। मासूम की हत्या की खबर सुनकर स्टेशन पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। फिलहाल पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।






