मार्च 22, 2026

News Valley 24

"सच्ची खबरों की वादी" "न्यूज़ वैली 24"

वोटर अधिकार यात्रा: बिहार में कितना असर? विपक्ष बोला बदलाव की लहर, सत्ता पक्ष ने बताया नौटंकी

पटना:
बिहार में 14 दिनों तक चली और 25 जिलों से गुज़रने के बाद सोमवार को पटना में समाप्त हुई ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को लेकर अब राजनीतिक बहस तेज हो गई है। इस यात्रा को लेकर विपक्ष और सत्ता पक्ष के नेताओं के बीच अलग-अलग दावे सामने आए हैं। जहां कांग्रेस और महागठबंधन के नेता इसे ऐतिहासिक और बदलाव का संदेश देने वाला बता रहे हैं, वहीं एनडीए नेताओं ने इसे पूरी तरह विफल और दिखावटी करार दिया है।

पप्पू यादव ने राहुल गांधी की तुलना महात्मा गांधी से की

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने इस यात्रा की समाप्ति पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि “जिस तरह महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर देश को आज़ादी दिलाई, उसी तरह राहुल गांधी भी लोकतंत्र को बचाने और संविधान की रक्षा करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि यात्रा का मकसद लोकतंत्र और न्यायिक व्यवस्था को सुरक्षित रखना है। आज देश की जनता में वोट चोरी को लेकर गुस्सा है और अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पप्पू यादव ने कहा कि राहुल गांधी पर देश का विश्वास बढ़ा है और आने वाले दिनों में वे निश्चित रूप से बड़ा परिवर्तन लाएंगे।

सत्ता पक्ष ने बताया विफल और नौटंकी

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस यात्रा को “सिर्फ नौटंकी” करार दिया। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन लोकतंत्र का दुश्मन है और जनता ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।
वहीं, बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने दावा किया कि यात्रा में भीड़ जुटाना और उसे वोट में बदलना दो अलग बातें हैं। उनका कहना था कि “यह यात्रा पूरी तरह विफल रही है। कांग्रेस जब तक आरजेडी के साथ रहेगी, उसका कोई भला नहीं हो सकता।”
तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को “चिट मुख्यमंत्री” कहे जाने पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि बिहार की जनता तय करेगी कि नीतीश कुमार कैसे सीएम हैं, किसी के कहने से उनकी छवि नहीं बदल सकती।

यूपी कांग्रेस ने बताया बदलाव की बयार

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय चौधरी ने यात्रा की समाप्ति पर कहा कि “बिहार से उठी बदलाव की बयार अब पूरे देश में बहने जा रही है। राहुल गांधी का संदेश पूरे भारत में गूंजेगा।”
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर अभद्र टिप्पणी से जुड़े सवालों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस के किसी भी कार्यकर्ता ने अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया है। “हम गांधीवादी लोग हैं और गांधीवादी तरीकों से ही जवाब देते हैं। अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल हमारी संस्कृति नहीं है।”

राहुल गांधी ने वोट चोरी के खिलाफ दिया संदेश

यात्रा के दौरान राहुल गांधी लगातार भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमलावर रहे। उन्होंने कहा था कि भाजपा लोकतंत्र को कमजोर कर रही है और वोट चोरी कर सत्ता में बने रहना चाहती है। उनका दावा था कि बिहार से उठी यह आवाज़ अब पूरे देश में गूंजेगी और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई हर नागरिक की लड़ाई है।

प्रभारी अविनाश पांडेय का आरोप

उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि पटना में आयोजित मार्च से यह साफ हो गया है कि केंद्र की सत्ता में बैठे लोग वोट चोरी के सहारे सरकार चला रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा और कहा कि “वोटरों के अधिकार की रक्षा करना आयोग का काम है, लेकिन आज वह रक्षक से भक्षक बन चुका है।”

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

error: Content is protected !!