• +91-9303050009
  • tonewsvalley24@gmail.com
खैरागढ़ की जीत का एनालिसिस
  • Written by - News Valley24 Desk
  • Last Updated: 17 अप्रैल 2022,  11:06 AM IST

कांग्रेस के लिए मनोबल और भाजपा के लिए चिंता बढ़ाने वाली विजय,यह सिर्फ जिले के वादे की जीत नहीं है

इस जीत को मैं पिछली जीतों से खास इसलिए कह रहा हूं कि वो तीनों विधानसभा क्षेत्र खैरागढ़ के मुकाबले ज्यादा ग्रामीण परिवेश के थे। ऐसा समझा जाता रहा है कि गांवों में कांग्रेस शहरों के मुकाबले अच्छा कर लेती है, इसलिए वहां जीतना ही था। अब खैरागढ़ की जीत यह बता रही है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस, धीरे-धीरे शहरों और उससे लगे इलाको में भी प्रभावी बनते जा रही है। इसे इस तरह से भी कहा जा सकता है कि शहरों और उससे लगे इलाकों में भारतीय जनता पार्टी की पकड़ धीरे-धीरे ढीली हो रही है।





और भी पढ़े : जस्टिस प्रशांत मिश्रा आयोग ने राज्यपाल को सौंपी रिपोर्ट

ठीक है...इस जीत पर यह तर्क भी दिया जा सकता है कि सत्ताधारी दल उपचुनाव जीतता ही है, लेकिन कैसे जीतता है यह भी देखना होगा। खैरागढ़ में का्ंग्रेस की एकदम नयी प्रत्याशी यशोदा वर्मा ने भाजपा के उस क्षेत्र के नामी नेता और दो बार के विधायक कोमल जंघेल को हराया। 20 हजार से ज्यादा वोटों से हराया। जबकि सरकार समेत सभी का मानना था कि जीत तो होगी, लेकिन 10 हजार से कम वोटों से। वोटों का यह अंतर ही बताता है कि कांग्रेस की मौजूदा सरकार पर मतदाताओं का भरोसा है। यही बात कांग्रेस के लिए मनोबल बढ़ाने वाली है और विपक्ष, भाजपा के लिए मायूस करने वाली।





और भी पढ़े : कोरोना क्या चीन की लैब में पैदा हुआ ?

भाजपा ने लगाई थी ताकत
ऐसा भी नहीं था कि इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीतने की कोशिश नहीं की। भरपूर कोशिश की। दो केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते और प्रह्लाद पटेल ने कई सभाएं की। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सभाएं की। इलेक्शन मैनेजमेंट में माहिर माने जाने वाले पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कई दिन कैंप कर पूरा अभियान संभाला। और पूर्व मुख्यमंत्री डाक्टर रमन सिंह जिनका कि परिवार ही यहां से है उन्होंने भी लगातार दौरे किए। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय सहित सभी बड़े नेता यहां के सतत दौरे पर थे।





और भी पढ़े : चंदैनी गोंदा

कांग्रेस में भूपेश ही स्टार
कांग्रेस में इस चुनाव को लेकर आत्मविश्वास इतना था कि पार्टी ने पहले ही घोषित कर दिया था कि हम दिल्ली या बाहर से किसी बड़े लीडर को यहां नहीं बुलाएंगे। हमारे स्टार प्रचारक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रहेंगे। मुख्यमंत्री ने खैरागढ़ में 6 दिन कैंप किया और कई सभाएं, रोड शो की। हालांकि ऐसा नहीं है कि कांग्रेस ने इस चुनाव को हल्के में लिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत कई मंत्री, नेताओं और करीब 40 विधायकों ने यहां के चुनाव की कमान संभाली थी। ऐसे में 20 हजार से ज्यादा वोटों की यह जीत यहां आए प्रत्येक कांग्रेसी का मनोबल बढ़ाएगी। इस चुनाव में जिस तरह सीएम भूपेश बघेल ने प्रचार किया और जैसा रिजल्ट आया उससे यह भी साबित हो रहा है कि प्रदेश उनका नेतृत्व स्वीकार कर रहा है।





और भी पढ़े : केवल पुस्तक नही है..एक महाकाव्य है..

सिर्फ जिले के वादे की जीत नहीं





और भी पढ़े : सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षाओं पर आज हो सकता है बड़ा ऐलान

खैरागढ़ की इस जीत का श्रेय सभी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को जिला बनाने के वादे को दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने ऐन चुनाव से पहले इसे जिला बनाने की घोषणा की। कहा कि 16 अप्रैल को कांग्रेस जीतेगी और 17 को जिला बना देंगे। यह मांग इस इलाके की पुरानी मांग थी। प्रदेश के मुख्यमंत्री खुद यह वादा कर रहे थे, लिहाजा कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनने लगा। अब सब यह कह रहे हैं कि इसी वादे ने चुनाव जीता दिया। लेकिन समझना होगा कि यह सिर्फ इस एक वादे की जीत नहीं है। यह वादा करने वाले के विश्वास की जीत है। वोटर्स सरकार पर भरोसा कर रहे हैं। वो यह मान रहे हैं कि सरकार या मुख्यमंत्री जो कहते हैं करते हैं। यह विश्वास ऐसे ही नहीं बना है, इसके पीछे गोधन योजना, किसान न्याय योजना, मजदूर न्याय योजना जैसी योजनाओं से लोगों की जेब में जाता पैसा है। इसने भरोसा दिलाया कि जिला भी बनेगा, मुख्यमंत्री जो बोल रहे हैं वो तहसील भी बनेगी, कॉलेज भी खुलेगा। यह जीत कांग्रेस सरकार की योजनाओं को, मुख्यमंत्री बघेल के नेतृत्व को स्वीकारने का परिणाम भी है।





और भी पढ़े : छत्तीसगढ़ में कल मिले सभी मरीजों में ओमिक्रॉन की आशंका

यह परिणाम 2023 के लिए संदेश भी है





और भी पढ़े : कलेक्टर ने ली खाद्य विभाग की समीक्षा बैठक

भारतीय जनता पार्टी के लिए खैरागढ़ की बड़ी हार, बड़ा संदेश है। पार्टी को सरकार के खिलाफ और जनता के समर्थन में मुद्दों की तलाश करनी होगी। खैरागढ़ में पार्टी प्रचारकों के पास मुद्दा नहीं था, सिर्फ सरकार की खिलाफत थी। परिणाम ने बता दिया कि वोटर्स आरोप-प्रत्यारोप के प्रभाव में नहीं आएगा। उसे तो ठोस कुछ चाहिए, ऐसा कुछ जो सीधा उससे जुड़ा हो। समाज के हित में हो। नकारात्मकता को अब वह नकार रहा है। पार्टी को नये मुद्दे तलाशने ही होंगे, जिसे लेकर वह 2023 विधानसभा चुनाव के पहले जनता के पास जा सके। साथ ही भाजपा को अपने बड़े नेताओं के घटते प्रभाव को लेकर भी सोचना होगा। उधर का्ंग्रेस इस परिणाम को अपनी योजनाओं और नेतृत्व की सफलता मान सकती है, लेकिन यह भी सच है कि हर बार जिले, तहसील बनाने जैसे वादे वो नहीं कर सकती। कांग्रेस के सामने चुनौती है कि उसे जिला बनने का लाभ अब यहां के लोगों को महसूस कराना होगा। साथ ही जो योजनाएं चल रही हैं वह कैसे और बेहतर तरीके से चलें, लोगों को इसका ज्यादा से ज्यादा लाभ हो इस पर पैनी नजर रखनी होगी। क्योंकि योजनाओं की गड़बड़ी वोटर्स का विश्वास तोड़ेगी और फिर वोटर्स विकल्प तलाशने लगेंगे।





और भी पढ़े : स्पा की आड़ में सेक्स रैकेट

Add Comment


Add Comment

Get Newspresso, our morning newsletter
Side link