सुरगी उपकेन्द्र में 72 लाख की लागत से 05 एमव्हीए पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापित, 3730 उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
राजनांदगांव, 19 अगस्त 2025। मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के तहत राजनांदगांव जिले के ग्रामीण अंचलों में बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सुरगी 33/11 केवी सबस्टेशन में 72 लाख रुपए की लागत से 05 एमव्हीए का नया पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया गया। इस ट्रांसफार्मर से 3730 उपभोक्ता एवं किसानों को भरपूर वोल्टेज पर निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
गौरतलब है कि पहले सुरगी उपकेन्द्र की क्षमता 3.15 एमव्हीए थी, जो धान की फसल के मौसम में अक्सर ओवरलोड हो जाती थी। इसके चलते उपभोक्ताओं को लोड शेडिंग और लो वोल्टेज जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। अब नये ट्रांसफार्मर के लगने से इन समस्याओं से राहत मिलेगी।
राजनांदगांव वृत के अधीक्षण अभियंता शंकेश्वर कंवर ने ट्रांसफार्मर का ऊर्जीकृत किया। वहीं छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट ने बताया कि इस परियोजना से किसानों और उपभोक्ताओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों और इंजीनियरिंग टीम को बधाई देते हुए कहा कि कंपनी के कर्मचारी उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुँचाने के लिए समर्पित हैं।
इस अतिरिक्त क्षमता का लाभ ग्राम सुरगी, कोटराभाटा, आरला, बूचीभारदा, कुम्हालोरी, बेलटिकरी, मुड़पार और मालपुरी सहित आसपास के गांवों को मिलेगा।






