चक्रधर समारोह 2025: रायगढ़ में कल से शुरू होगा संस्कृति और परंपरा का भव्य पर्व, 5 सितम्बर तक गूंजेगा रामलीला मैदान
रायगढ़, 26 अगस्त 2025।
रायगढ़ की पहचान और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह का 40वां संस्करण कल 27 अगस्त से आरंभ होने जा रहा है। 10 दिवसीय इस भव्य आयोजन में देश-प्रदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। समारोह का आयोजन 27 अगस्त से 5 सितम्बर तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में किया जाएगा।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने प्रेसवार्ता में बताया कि समारोह का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। इसके लिए पांच हजार से अधिक क्षमता वाली दर्शकदीर्घा तैयार की गई है। जो लोग स्थल तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण टीवी चैनलों पर किया जाएगा।
📌 विशेष आकर्षण
- 27 अगस्त : कवि डॉ. कुमार विश्वास काव्य पाठ करेंगे, साथ ही कथक, लोकनृत्य और शास्त्रीय प्रस्तुतियां होंगी।
- 28 से 31 अगस्त : ओडिसी, भरतनाट्यम, कथक, शास्त्रीय गायन और तबला- सितार वादन का संगम देखने मिलेगा।
- 30 अगस्त : पद्मश्री राधेश्याम बारले अपने अनुपम पंथी नृत्य से मंच को जीवंत करेंगे।
- 1 सितम्बर : पद्मश्री डॉ. अश्विनी भिड़े देशपांडे शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति देंगी।
- 2 सितम्बर : छत्तीसगढ़ी लोकसंगीत की होगी धूम।
- 3 सितम्बर : अबूझमाड़ का प्रसिद्ध मलखम्ब दल देगा अद्भुत प्रदर्शन।
- 4 सितम्बर : श्रीमती कविता वासनिक एवं समूह द्वारा छत्तीसगढ़ी लोकरंग।
- 5 सितम्बर : समापन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में पद्मश्री डॉ. नलिनी कमलिनी अस्थाना कथक प्रस्तुत करेंगी और पद्मश्री कैलाश खेर अपनी स्वर लहरियों से समारोह को अविस्मरणीय बनाएंगे।

इसके अलावा 1 से 3 सितम्बर तक मोतीमहल परिसर में कुश्ती और कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि चक्रधर समारोह रायगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत करता है और नए कलाकारों को मंच प्रदान करता है।






