ग्रामीणों की मांग पर खुलेंगे 15 नए आंगनबाड़ी केंद्र, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
विस्तृत खबर:
मोहला, 02 सितम्बर 2025। जिले के ग्रामीण अंचलों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए जिले की तीन परियोजनाओं में 15 नए आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन की स्वीकृति प्रदान की है।

कलेक्टर के आदेश के अनुसार, मोहला में 5, मानपुर में 7 और अंबागढ़ चौकी में 3 आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाएंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया गया है कि इन नए स्वीकृत केंद्रों को पोषण ट्रैकर और सुशासन तिहार पोर्टल पर अपडेट किया जाए तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की नियुक्ति शीघ्र की जाए।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मिलेगा लाभ
जिले में नए आंगनबाड़ी केंद्र खुलने से ग्रामीण माताओं और बच्चों को अब पूरक पोषण आहार, स्वास्थ्य परामर्श, टीकाकरण और प्री-स्कूल शिक्षा जैसी सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध होंगी। इससे जहां मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर होगा, वहीं ग्रामीण महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी आसानी से प्राप्त होगी।
सुशासन तिहार में रखी गई थी मांग
उल्लेखनीय है कि जिले में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र खोलने की मांग रखी थी। इन आवेदनों का निराकरण करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने ग्रामीणों की मांग पूरी की और नए केंद्रों की स्वीकृति दी।
किन-किन गांवों में खुलेंगे नए आंगनबाड़ी

युक्तियुक्तकरण के तहत ग्रामों में आंगनबाड़ी केंद्रों का समायोजन कर ग्रामीणों की मांग पूरी की गई है। अब जिन गांवों में नए केंद्रों का संचालन होगा, वे हैं –
आमाडुला (आमापारा), रानाटोला (तरियापारा), मुकादाह, परसघाट, संगली (शीतलापारा), कोसाराव पारा, जालवाही, मुरारपानी, हुर्वे, मोरचुल, घोड़ाझरी, दोरबा (आवासपारा), जंतरगुंडरा, आटरा और थुहाडबरी।
इन गांवों के सैकड़ों परिवारों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और स्थानीय बच्चों को पोषण व शिक्षा की बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।






