डोंगरगढ़–छुरिया में विद्युत विभाग का बड़ा एक्शन: 3198 बकायेदारों से 55.06 लाख की वसूली, 108 कनेक्शन कटे
डोंगरगढ़, 20 जनवरी 2026।
विद्युत विभाग ने डोंगरगढ़ एवं छुरिया क्षेत्र में बकायेदार उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली के लिए व्यापक अभियान छेड़ दिया है। अभियान के तहत गठित अधिकारियों की टीमों ने डोंगरगढ़ संभाग के विभिन्न वितरण केन्द्रों—डोंगरगढ़ शहर, बम्हनी चारभांटा, ढ़ारा, मुसराकला, डोंगरगढ़ ग्रामीण, छुरिया, लालबहादुर नगर, मुरमुंदा एवं सड़क चिरचारी—में सघन कार्रवाई की।
इस दौरान 3198 बकायेदार उपभोक्ताओं से कुल 55 लाख 06 हजार रुपये की बकाया राशि की वसूली की गई। वहीं, निर्धारित समयावधि के बावजूद भुगतान न करने वाले 108 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किए गए।
विद्युत कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं को स्पॉट बिलिंग के माध्यम से घर-घर बिजली बिल उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके बावजूद देयकों के भुगतान में विलंब करने वालों को कई बार सूचना देने के बाद भी जब भुगतान नहीं किया गया, तो नियमानुसार कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई। साथ ही, बायपास एवं हुकिंग के जरिए बिजली चोरी के प्रकरण पाए जाने पर संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की गई।

डोंगरगढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री प्रीतम जैकब ने बताया कि सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता स्तर की टीमों ने कार्रवाई करते हुए 108 उपभोक्ताओं के कनेक्शन 7 लाख 52 हजार रुपये बकाया न चुकाने पर काटे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
इसके अलावा, शासकीय विभागों की लंबित बकाया राशि के भुगतान हेतु विभाग प्रमुखों को नोटिस जारी किए गए हैं। उपभोक्ताओं को लाइन विच्छेदन से बचने के लिए समय पर भुगतान करने हेतु मोर बिजली ऐप के माध्यम से बिल चुकाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही, केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली एवं सब्सिडी की जानकारी भी दी जा रही है।
अंत में, विद्युत विभाग ने सभी बकायेदार उपभोक्ताओं से नियमित रूप से विद्युत देयकों का भुगतान करने की अपील की है, ताकि कनेक्शन विच्छेदन जैसी असुविधाओं से बचा जा सके।






