मार्च 22, 2026

News Valley 24

"सच्ची खबरों की वादी" "न्यूज़ वैली 24"

नगरीय–ग्रामीण समन्वय से केशवनगर फीकल स्लज प्रबंधन इकाई का संचालन प्रारंभ

सूरजपुर, 20 जनवरी 2026।
जिले में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार तथा जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद सूरजपुर की ग्राम पंचायत केशवनगर में निर्मित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) का नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के समन्वय से विधिवत एवं सुचारू संचालन प्रारंभ कर दिया गया है।

यह पहल नगरीय निकायों और ग्रामीण पंचायतों के बीच आपसी समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे न केवल स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी दीर्घकालीन लाभ प्राप्त होंगे।

डी-स्लजिंग की वैज्ञानिक व्यवस्था, सुरक्षित निपटान सुनिश्चित

इस व्यवस्था के अंतर्गत बिश्रामपुर नगर पंचायत के डी-स्लज वाहन के माध्यम से ग्राम पंचायत क्षेत्रों में स्थित सेप्टिक टैंकों की नियमित डी-स्लजिंग की जा रही है। डी-स्लजिंग के दौरान एकत्रित मलिय कीचड़ को केशवनगर स्थित एफएसटीपी प्लांट में लाकर वैज्ञानिक, सुरक्षित एवं मानक प्रक्रिया के तहत उपचारित किया जा रहा है, जिसके बाद उसका पर्यावरण-अनुकूल निपटान सुनिश्चित किया जाता है।

इस प्रक्रिया से खुले में मलिय कीचड़ के निपटान की समस्या समाप्त होगी, जिससे दुर्गंध, संक्रमण और जल स्रोतों के प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।

पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य को मिलेगा लाभ

एफएसटीपी के संचालन से मिट्टी की गुणवत्ता सुरक्षित रहेगी, भू-जल प्रदूषण की आशंका कम होगी तथा जल स्रोतों की स्वच्छता बनी रहेगी। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जोखिम घटेंगे और संक्रामक रोगों की संभावना में कमी आएगी। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के लक्ष्यों को धरातल पर साकार करने में भी सहायक सिद्ध होगी।

जागरूकता अभियान से बढ़ रही जनभागीदारी

परियोजना की सफलता सुनिश्चित करने हेतु ग्राम पंचायत क्षेत्रों में नियमित जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से ग्रामीणों को सेप्टिक टैंक की समय-समय पर डी-स्लजिंग के महत्व, स्वच्छता के लाभ और एफएसटीपी प्रणाली के उपयोग की जानकारी दी जा रही है।
साथ ही, निकटवर्ती नगरीय निकायों के डी-स्लज वाहन चालकों के मोबाइल नंबर पंचायतों के सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित कराए जा रहे हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर नागरिक सीधे संपर्क कर सेवा प्राप्त कर सकें।

नगरीय निकायों का सहयोग, व्यवस्था होगी और मजबूत

इस कार्य में नगर पंचायत विश्रामपुर के सीएमओ एवं नगर पालिका सूरजपुर का सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है। वर्तमान में जिले की समस्त 6 नगरीय निकायों से उपलब्ध डी-स्लज वाहनों के लिए आवश्यक अनुबंध किया जा चुका है, जिससे जिलेभर में फीकल स्लज प्रबंधन की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा।

स्वच्छता से आत्मनिर्भरता की ओर कदम

जिला प्रशासन का मानना है कि यह पहल केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों को स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में एफएसटीपी मॉडल को अन्य ग्राम पंचायतों में भी अपनाने की योजना है, ताकि पूरे जिले में स्वच्छता का समान स्तर सुनिश्चित किया जा सके।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

error: Content is protected !!