फ़रवरी 4, 2026

News Valley 24

"सच्ची खबरों की वादी" "न्यूज़ वैली 24"

कलेक्टर–एसपी ने ली जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक, अवैध नशीले पदार्थों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 20 जनवरी 2026।
जिले को नशा मुक्त बनाने तथा समाज को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति (एनसीओआरडी) की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में नशीली दवाओं एवं मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर प्रभावी रोक लगाने, तस्करी पर अंकुश लगाने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निरंतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप सिंह ठाकुर, सभी एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शैक्षणिक संस्थानों में नशा मुक्ति अभियान पर जोर

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नियमित रूप से नशा मुक्ति जागरूकता अभियान संचालित किए जाएं। विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी जाए, ताकि युवा वर्ग नशे से दूर रह सके। किसी भी स्तर पर नशे से संबंधित सूचना प्राप्त होने पर संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

मेडिकल दुकानों पर कड़ी निगरानी

बैठक में ड्रग विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मेडिकल दुकानों द्वारा प्रतिबंधित या नशीली दवाओं की बिक्री केवल पंजीकृत चिकित्सक की वैध पर्ची पर ही की जाए। सभी मेडिकल संचालकों को दवाओं की बिक्री एवं पर्चियों का विधिवत रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

नशे की लत से पीड़ितों का उपचार एवं पुनर्वास

कलेक्टर–एसपी ने कहा कि नशे की लत से प्रभावित बच्चों एवं परिवारों को रेस्क्यू के उपरांत काउंसलिंग, चिकित्सकीय उपचार एवं पुनर्वास से जोड़ा जाए। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रभावित व्यक्तियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके और वे सामान्य जीवन में लौट सकें।

एनडीपीएस एवं सफैमा एक्ट के तहत कार्रवाई

बैठक में एनडीपीएस एक्ट एवं सफैमा एक्ट के तहत जिले में की गई कार्यवाहियों की जानकारी दी गई। साथ ही जब्त किए गए नशीले पदार्थों के नष्टीकरण (डिस्ट्रक्शन) की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इस प्रकार की कार्रवाइयों में और अधिक सख्ती बरती जाए, ताकि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

1933 टोल-फ्री हेल्पलाइन पर दें सूचना

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, अवैध बिक्री या तस्करी की सूचना राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर 1933 पर तत्काल दें। इसके अतिरिक्त नागरिक मानस पोर्टल (ncbmanas.gov.in) एवं ई-प्लेज पोर्टल (narcoordindia.gov.in) के माध्यम से भी जानकारी साझा कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना नशा मुक्त समाज का निर्माण संभव नहीं है। आमजन की सतर्कता और सहयोग से ही नशे के खिलाफ इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। जिला प्रशासन नशा मुक्त जांजगीर-चांपा के लक्ष्य को लेकर पूर्ण प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Copyright © All rights reserved | Portal Designed By Pitambara Media House, Rajnandgaon, C.G. Mobile : 7000255517 | Newsphere by AF themes.
error: Content is protected !!