स्कूल में हादसा: सरकारी स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा, 7 छात्र घायल – प्रशासन की लापरवाही उजागर
मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के अझवार गांव में सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सोमवार को कक्षा 10वीं के दौरान छत से प्लास्टर का मलबा गिरने से सात छात्र घायल हो गए। घायलों में चार छात्रों को सिर और पैर में चोटें आईं, जिनका इलाज गांव के झोलाछाप डॉक्टर से कराने की बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल छात्रों को बरामदे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है, जिससे छात्र डरे और सहमे नजर आ रहे हैं।
ग्राम पंचायत सरपंच ने संस्था प्रमुख पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। स्कूल प्रिंसिपल ने भी स्वीकार किया कि भवन जर्जर स्थिति में है। मरम्मत पर लाखों रुपये खर्च दिखाए गए, लेकिन वास्तव में काम नहीं हुआ।
इसी बीच, करोड़ों रुपये की लागत से नए भवन का निर्माण वर्षों से अधूरा पड़ा है। विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार की लापरवाही का खामियाज़ा सैकड़ों छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।






