छत्तीसगढ़ शासन ने महिलाओं के लिए तीन सम्मान हेतु आवेदन आमंत्रित, अंतिम तिथि 26 सितंबर 2025
दुर्ग, 01 सितंबर 2025 – छत्तीसगढ़ शासन ने महिलाओं के सशक्तिकरण, उत्थान और वीरता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं व संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तीन प्रतिष्ठित पुरस्कारों की घोषणा की है। इन पुरस्कारों के लिए आवेदन 26 सितंबर 2025 तक आमंत्रित किए गए हैं।

माता बहादुर कलारिन सम्मान वर्ष 2025
महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष और नारी उत्थान में अभूतपूर्व कार्य करने वाली महिला को “माता बहादुर कलारिन सम्मान” प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के रूप में चयनित महिला को दो लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पट्टिका दी जाएगी। आवेदन पत्र कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, दुर्ग में जमा करना होगा। आवेदन सीलबंद लिफाफे में होना चाहिए, जिस पर स्पष्ट रूप से “माता बहादुर कलारिन सम्मान वर्ष 2025” अंकित हो।
मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान) वर्ष 2025
अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक महिलाओं के उत्थान हेतु उत्कृष्ट कार्य करने वाली किसी महिला या अशासकीय संस्था को प्रतिवर्ष “मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान)” प्रदान किया जाता है। चयनित महिला/संस्था को दो लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पट्टिका से सम्मानित किया जाएगा। आवेदन 26 सितंबर तक जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में जमा करने होंगे। लिफाफे पर “मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान) वर्ष 2025” अंकित करना अनिवार्य है।
वीरांगना रानी अवंतिबाई लोधी स्मृति पुरस्कार वर्ष 2025

वीरता, शौर्य, साहस तथा महिलाओं में आत्मबल को सशक्त करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिला को “वीरांगना रानी अवंतिबाई लोधी स्मृति पुरस्कार” से नवाजा जाएगा। इस पुरस्कार के रूप में विजेता महिला को दो लाख रुपये और प्रशस्ति पट्टिका दी जाएगी। आवेदन पत्र 26 सितंबर तक जमा किए जा सकते हैं। लिफाफे पर “वीरांगना रानी अवंतिबाई लोधी स्मृति पुरस्कार वर्ष 2025” अवश्य लिखा होना चाहिए।
तीनों पुरस्कारों के लिए आवेदन केवल निर्धारित प्रारूप में ही स्वीकार होंगे। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा। पुरस्कारों से संबंधित विस्तृत जानकारी जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.durg.gov.in पर उपलब्ध है।
Related posts:
About The Author
Discover more from News Valley 24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






