राहुल गांधी बोले- ‘हम हाइड्रोजन बम के साथ तैयार’, वोट चोरी करने वाले चेहरा नहीं दिखा पाएंगे, पटना में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का भव्य समापन
पटना:
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और महागठबंधन ने अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव और ‘इंडिया’ गठबंधन के कई अन्य नेताओं ने सोमवार को पटना में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के समापन से पहले विशाल मार्च निकाला। इस मार्च को ‘गांधी से आंबेडकर’ नाम दिया गया था, जो गांधी मैदान से शुरू होकर आंबेडकर पार्क तक जाना था, लेकिन पुलिस ने डाक बंगला चौराहे के पास इसे रोक दिया।
खुले वाहन पर राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तृणमूल कांग्रेस सांसद यूसुफ पठान, भाकपा नेता दीपांकर भट्टाचार्य सहित कई नेता मौजूद थे। सड़क के दोनों ओर खड़े हजारों समर्थकों ने नेताओं का जोरदार स्वागत किया। जगह-जगह समर्थकों ने पार्टी के झंडे लहराए और नारे लगाए— “वोट चोर, गद्दी छोड़”।

राहुल गांधी ने जोशीले अंदाज़ में कहा,
“हम हाइड्रोजन बम के साथ तैयार हैं। जो वोट चोरी करेंगे, वे जनता का सामना नहीं कर पाएंगे और चेहरा दिखाने लायक नहीं रहेंगे।”
1300 किलोमीटर लंबी यात्रा, 25 जिले और 110 विधानसभा क्षेत्र
‘वोटर अधिकार यात्रा’ 14 दिनों तक चली और इस दौरान 25 जिलों में 110 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों से गुज़री। यात्रा ने कुल 1300 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की। इस दौरान राहुल गांधी और महागठबंधन के नेताओं ने भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग पर तीखे हमले किए। राहुल गांधी ने कहा था कि “यह क्रांति बिहार से शुरू हुई है, अब पूरे देश में फैलेगी। भाजपा को अब चुनाव और वोट की चोरी करने नहीं दी जाएगी।”
पुलिस ने रोका, फिर भी अंबेडकर प्रतिमा पर पुष्पांजलि का ऐलान
मार्च को आंबेडकर पार्क तक जाने की अनुमति नहीं मिलने पर बिहार कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख राजेश राठौर ने कहा, “चाहे कुछ हो जाए, हमारे नेता राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेता बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे।”

राष्ट्रीय स्तर पर नेताओं की मौजूदगी
यात्रा के दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, द्रमुक नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। इससे साफ है कि महागठबंधन इस यात्रा को सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि इसे राष्ट्रीय राजनीति का बड़ा संदेश बनाने में जुटा है।
विधानसभा चुनाव से पहले ताकत का प्रदर्शन
17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई यह यात्रा दरभंगा, मधुबनी, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल, गयाजी, नालंदा, रोहतास, मुंगेर, सीवान, सारण, पश्चिमी व पूर्वी चंपारण सहित दर्जनों जिलों से होकर गुज़री। कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि बिहार के लोगों ने राहुल गांधी और महागठबंधन के नेताओं को अभूतपूर्व समर्थन दिया है। यह यात्रा विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन के व्यापक चुनाव अभियान की शुरुआत है।
Related posts:
About The Author
Discover more from News Valley 24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






