जशपुर को मिला विकास का तोहफ़ा: 150 करोड़ से दो स्टेट हाईवे का जीर्णोद्धार, कुनकुरी नगर को 5 करोड़ की सौगात
जशपुरनगर, 02 सितम्बर 2025। जशपुर जिले की जनता के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बड़ी सौगात दी है। जिले की सड़कों को नई पहचान देने और आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से सरकार ने दो महत्वपूर्ण स्टेट हाईवे के जीर्णोद्धार के लिए 149 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वित्त विभाग ने बजट जारी कर दिया है और निर्माण एजेंसी ने निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। बरसात के बाद ही दोनों सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

इन सड़कों में 41 किलोमीटर लंबी तपकरा-लुड़ेग स्टेट हाईवे और 13 किलोमीटर लंबी कोतबा-बागबहार स्टेट हाईवे शामिल है। परिवहन और संपर्क व्यवस्था की दृष्टि से यह दोनों सड़कें बेहद अहम हैं, क्योंकि ये जशपुर जिले को पड़ोसी राज्यों ओडिशा और झारखंड के साथ-साथ राजधानी रायपुर और न्यायधानी बिलासपुर से जोड़ती हैं। इन सड़कों से होकर प्रतिदिन दर्जनों यात्री बसें रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर और झारसुगुड़ा जैसे प्रमुख गंतव्यों के लिए रवाना होती हैं। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण इनकी स्थिति जर्जर हो गई थी, जिसकी मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जिलेवासियों की परेशानी को देखते हुए लोक निर्माण विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी के तहत वित्त विभाग ने तपकरा-लुड़ेग मार्ग के लिए 110.33 करोड़ रुपये और बागबहार-कोतबा मार्ग के लिए 39.77 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे जशपुर जिले में संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
जिले में बिछ रहा सड़कों का जाल
मुख्यमंत्री श्री साय सड़कों की मरम्मत और नए सड़कों के निर्माण पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, वहीं भारतमाला सड़क का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। बीते दो वर्षों में मुख्यमंत्री ने दमेरा-चराईडांड़ रोड, जशपुर-सन्ना सड़क, चराईडांड़-बतौली सड़क और बंदरचुवां-फरसाबहार सड़क जैसी लंबे समय से अधूरी पड़ी परियोजनाओं को पूरा कराया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।

कुनकुरी नगर को 5 करोड़ की सौगात
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जिले के कुनकुरी नगरवासियों को भी बड़ी राहत दी है। नगर पंचायत क्षेत्र में विकास की गति तेज करने के लिए उन्होंने लगभग 5 करोड़ रुपये की राशि से 53 विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार इस राशि से नगर में बुनियादी सुविधाओं का व्यापक विकास किया जाएगा।
इन कार्यों में सीसी रोड और नाली निर्माण, सामुदायिक भवन व अतिरिक्त कक्षों का निर्माण, बाउंड्रीवाल निर्माण, सांस्कृतिक मंच निर्माण, विद्युतीकरण और स्ट्रीट लाइट की स्थापना, शाला भवनों में शौचालय और अतिरिक्त कक्षों का निर्माण, वार्डों में मूर्ति स्थापना व सौंदर्यीकरण कार्य, पहुंच मार्ग निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
इन परियोजनाओं से नगर क्षेत्र के सभी वार्डों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही शिक्षा, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर आधारभूत संरचना भी उपलब्ध होगी।
नगरवासियों ने मुख्यमंत्री की इस घोषणा पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से वे मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रहे थे। इस स्वीकृति से अब शहर का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा। लोग मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे उनके द्वारा किया गया वायदा पूरा होने की संज्ञा दे रहे हैं।
Related posts:
About The Author
Discover more from News Valley 24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






