पीएम आवास ग्रामीण योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर, जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई – कई अधिकारी-कर्मचारी दंडित
सूरजपुर/29 अगस्त 2025।
प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के क्रियान्वयन में गड़बड़ी और आवास निर्माण में धांधली का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ी कार्यवाही की है। मामला जनपद पंचायत भैयाथान के ग्राम पंचायत सिरसी से जुड़ा है, जहां लाभार्थियों को योजना का दोहरा लाभ दिलाने, आवास की गलत टैगिंग करने और मनरेगा मजदूरी राशि में हेरफेर करने जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
जांच में साबित होने पर जिला प्रशासन ने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की है। रोजगार सहायक मोहम्मद नईम अहमद को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही आवास के लिए प्राप्त की गई राशि की वसूली कर राज्य नोडल खाते में हस्तांतरण करने का निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत को दिया गया है।
ग्राम पंचायत सचिव आनंद सिंह पर भी गाज गिरी है। उनकी एक वेतनवृद्धि रोकी गई है और उन्हें अंतिम चेतावनी पत्र जारी किया गया है। इसी तरह तकनीकी सहायक नवीन जायसवाल को भी चेतावनी पत्र जारी करते हुए जनपद पंचायत ओड़गी में संलग्न कर दिया गया है।
प्रकरण सामने आने पर आवास मित्र कुमारी अंकिता चौबे ने स्वेच्छा से इस्तीफा दे दिया। जिला प्रशासन ने उनके विरुद्ध विशेष कार्रवाई करते हुए उन्हें मिलने वाली प्रोत्साहन राशि राजसात करने और भविष्य में अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने पर प्रतिकूल टिप्पणी दर्ज करने का आदेश भी जारी किया है।

इसी क्रम में विकासखंड समन्वयक अमित खैरवार, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा ओम तिवारी और ग्राम पंचायत सिरसी की सरपंच सुमित्रा अगरिया को भी अंतिम चेतावनी पत्र जारी किया गया है।
जिला प्रशासन की इस सख्त कार्यवाही से स्पष्ट संदेश गया है कि पीएम आवास ग्रामीण जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी तरह की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि आगे भी इसी तरह की अनियमितताओं पर तुरंत और कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि योजना का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचे।
About The Author
Discover more from News Valley 24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






