मशरूम से मौत का खेल: ऑस्ट्रेलिया में बहू ने ससुराल वालों को डिनर पर बुलाकर दिया ज़हरीला खाना
ऑस्ट्रेलिया में घटित एक सनसनीखेज़ हत्याकांड ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है। जुलाई 2023 में एरिन पैटरसन नाम की महिला ने अपने सास-ससुर और पति की चाची को खाने पर बुलाया और उन्हें जहरीले मशरूम खिलाकर मौत के घाट उतार दिया। इस मामले ने न सिर्फ ऑस्ट्रेलिया बल्कि पूरी दुनिया को स्तब्ध कर दिया क्योंकि इसमें इस्तेमाल हुआ मशरूम था डेथ कैप मशरूम, जिसे दुनिया का सबसे खतरनाक फंगस माना जाता है।
कैसे हुआ पूरा मर्डर प्लान?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एरिन पैटरसन ने अपने पति साइमन पैटरसन के माता-पिता डॉन और गेल पैटरसन तथा पति की चाची हीथर को खाने पर बुलाया। उन्होंने मेहमानों के लिए मशहूर डिश बीफ वेलिंगटन बनाई, लेकिन इसमें जहरीला डेथ कैप मशरूम मिला दिया। सभी ने बड़े चाव से खाना खाया। कुछ ही दिनों बाद तीनों की मौत हो गई। पति के चाचा पादरी इयान विल्किंसन भी उस डिनर में मौजूद थे और वे भी गंभीर रूप से बीमार पड़ गए। हालांकि वे बच गए, लेकिन उनका स्वास्थ्य आज तक पूरी तरह ठीक नहीं हो पाया।

पति क्यों बच गया?
एरिन ने अपने पति साइमन पैटरसन को भी खाने पर बुलाया था, लेकिन उसने आने से मना कर दिया। साइमन ने अदालत को बताया कि वह आज भी अपने माता-पिता और चाची को बहुत याद करता है। उन्होंने कहा, “अगर एरिन ने उनकी हत्या न की होती तो वे आज भी हमारे साथ होते।”
रिश्तों में खटास थी वजह?
जांच में सामने आया कि एरिन और साइमन के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। दोनों कानूनी रूप से पति-पत्नी थे लेकिन अलग रह रहे थे। बच्चों के भरण-पोषण और आर्थिक विवाद को लेकर अक्सर झगड़े होते थे। ऐसे में यह शक गहराया कि एरिन ने जानबूझकर यह साजिश रची।
अदालत का फैसला
12 सदस्यों वाली जूरी ने एरिन पैटरसन को हत्या और हत्या की कोशिश का दोषी पाया। अदालत ने माना कि उसने जानबूझकर जहरीला खाना परोसा। अब 8 सितंबर को मेलबर्न की अदालत में उसे सज़ा सुनाई जाएगी।
डेथ कैप मशरूम: सबसे खतरनाक
विशेषज्ञ बताते हैं कि डेथ कैप मशरूम इतना जहरीला होता है कि इसकी थोड़ी सी मात्रा भी इंसान की जान ले सकती है। यह लीवर और किडनी को तेजी से खराब कर देता है। यही वजह है कि डॉन, गेल और हीथर की मौत कुछ ही दिनों में हो गई।
इस पूरे मामले ने खाने और रिश्तों दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि कैसे ज़हर छुपाकर दिया गया डिनर एक परिवार को उजाड़ गया।
Related posts:
About The Author
Discover more from News Valley 24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






