विद्यार्थी जीवन सबसे महत्वपूर्ण कालखण्ड: चंद्रेश ठाकुर, राजनांदगांव छात्रावासों में छात्रसंघ का गठन
राजनांदगांव, 18 अगस्त 2025। शासकीय पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास, महेश नगर राजनांदगांव में सत्र 2025-26 के लिए छात्रसंघ का गठन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला बालोद के जनसंपर्क अधिकारी एवं छात्रावास के पूर्व अध्यक्ष श्री चंद्रेश ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्ति के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण कालखण्ड है। इसी दौरान मिली शिक्षा, संस्कार और बुनियाद से भविष्य की इमारत खड़ी होती है।

गठन प्रक्रिया में कैरल्स कोठारी को लगातार दूसरी बार अध्यक्ष चुना गया। वहीं विक्रम मंडावी उपाध्यक्ष, प्रफुल्ल मंडावी सचिव और डिकेश्वर मंडावी सह सचिव बने। इसके अलावा विभिन्न जिम्मेदारियां अन्य छात्रों को सौंपी गईं। इस अवसर पर वरिष्ठ छात्र और पूर्व पदाधिकारी भी मौजूद रहे और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी गईं।
श्री ठाकुर ने छात्रावासी विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र की धरोहर बताते हुए कहा कि वे अपने परिश्रम और संस्कार से परिवार, संस्थान और समाज का नाम रोशन करें।

इसी क्रम में अंबागढ़ चौकी स्थित आदिवासी बालक छात्रावास में भी छात्रसंघ का गठन किया गया। यहाँ तोमेश तारम अध्यक्ष और माखन टेकाम उपाध्यक्ष चुने गए। कार्यक्रम में अरविंद गोटे, अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक संघ के जिला अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ छात्र मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और त्याग से जीवन में सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा दी।
दोनों छात्रावासों में हुए छात्रसंघ गठन कार्यक्रमों में छात्रावासी जीवन की महत्ता और गौरवशाली परंपरा को बनाए रखने पर बल दिया गया।
About The Author
Discover more from News Valley 24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






